अब्दुल गनी खान (ठाणे) ठाणे:
जिला नियोजन समिति (डीपीसी) की बैठक में भिवंडी की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। भिवंडी पूर्व के विधायक रईस शेख ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं ठाणे के संरक्षक मंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

बैठक में विधायक शेख ने आवारा कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने भिवंडी के आईजीएम अस्पताल में एआरवी (एंटी रेबीज वैक्सीन) और एआरएस इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। इस विषय में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण में मुआवजे पर जोर
विधायक शेख ने भिवंडी की जर्जर और संकरी सड़कों के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विकास कार्य समय की जरूरत है, लेकिन इसका खामियाजा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को नहीं भुगतना चाहिए। जिन मकान मालिकों और दुकानदारों की संपत्तियां प्रभावित होंगी, उन्हें उचित और न्यायसंगत मुआवजा दिया जाना अनिवार्य है।
भिवंडी–वडपे रोड का मुद्दा भी उठाया
बैठक में भिवंडी–वडपे रोड पर धीमी गति से चल रहे कार्य और बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक शेख ने संबंधित विभागों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण मार्ग का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है भिवंडी को एक प्रगतिशील, सुव्यवस्थित और समस्यामुक्त शहर बनाना, जहां सभी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समान रूप से उपलब्ध हों। डीपीसी बैठक में उठाए गए इन मुद्दों को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

