विशेष संवाददाता
भिवंडी के पावरलूम उद्योग को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौघुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से शहर में एक ‘मेगा टेक्सटाइल पार्क’ स्थापित करने की मांग की है। विधायक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव को संबंधित विभाग के पास आगे की कार्यवाही के लिए भेज दिया है।
विधायक चौघुले ने दिए ज्ञापन में बताया है कि भिवंडी को ‘कपड़ों का मैनचेस्टर’ कहा जाता है। महाराष्ट्र से निर्यात होने वाले कुल कपड़ा उत्पादन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले भिवंडी और उसके आसपास के क्षेत्रों से आता है। यहाँ लाखों श्रमिक और लघु उद्यमी इस व्यवसाय से जुड़े हैं। विधायक ने कुछ प्रमुख समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराते हुए ज्ञापन मे बताया है कि भिवंडी शहर मे आधुनिक तकनीक और बुनियादी ढांचे का अभाव। भंडारण और निर्यात सुविधाओं की कमी के कारण स्थानीय उद्योग प्रतिस्पर्धा में पिछड़ रहे हैं।
केंद्र और राज्य सरकार वर्तमान में मिशन समर्थ 2.0, राष्ट्रीय फाइबर योजना और टेक्स इको जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कपड़ा क्षेत्र को बढ़ावा दे रही है। विधायक चौघुले का मानना है कि यदि भिवंडी में ‘मेगा टेक्सटाइल पार्क’ बनता है, तो स्थानीय उद्योगों को आधुनिक तकनीक और एकीकृत प्रसंस्करण केंद्र मिलेगा। बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। निर्यात क्षमता बढ़ने से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
“भिवंडी के कपड़ा उद्योग के योगदान को देखते हुए यहाँ मेगा टेक्सटाइल पार्क की अत्यंत आवश्यकता है। मुख्यमंत्री जी ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जिससे व्यापारियों और बुनकरों में उम्मीद की नई आशा जगी है।”

— महेश चौघुले, विधायक (भिवंडी पश्चिम)

