अब्दुल गनी खान
कल्याण:टिटवाला के सद्गुरु चॉल इलाके में कथित चॉल माफियाओं द्वारा हफ्ता वसूली को लेकर गंभीर हिंसा की घटना सामने आई है। आरोप है कि पैसे न देने पर 10 से 12 लोगों के एक समूह ने एक घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ मारपीट की। इस दौरान एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रमा कदम ने कुछ वर्ष पहले सद्गुरु चॉल में एक कमरा खरीदा था। हाल ही में उन्होंने घर की मरम्मत का काम शुरू कराया था। इसी दौरान कथित रूप से मुख्य आरोपी किरण गुजरे ने उनसे पैसों की मांग की। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और घर पर हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने घर में घुसकर हथौड़ों और डंडों से संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर घर की महिलाओं के साथ मारपीट की गई। साथ ही नाबालिग के साथ अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कल्याण ग्रामीण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में 10 से 12 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत, जिसमें पॉक्सो एक्ट सहित अन्य प्रावधान शामिल हैं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

