आदिल नोमानी
भिवंडी-कल्याण बाईपास रोड पर शनिवार दोपहर ठाणे महानगर पीएनजी गैस की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और संबंधित विभागों की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बाईपास क्षेत्र में पीएनजी गैस पाइपलाइन फटने के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल भिवंडी मनपा के अग्निशमन विभाग और संबंधित गैस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए संभावित खतरे को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गैस कंपनी के अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से भिवंडी क्षेत्र में वाहनों को होने वाली पीएनजी गैस की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर रिसाव को नियंत्रित किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल गैस रिसाव पूरी तरह रोक दिया गया है और हालात नियंत्रण में हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग और गैस कंपनी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और समय पर लिए गए निर्णयों के कारण क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

