भाजपा गटनेता संतोष शेट्टी के कार्यालय का उद्घाटन, शहर की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
अब्दुल गनी खान भिवंडी
महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं ठाणे जिले के संपर्क मंत्री गणेश नाईक ने कहा है कि भिवंडी शहर के विकास कार्यों पर उनकी विशेष नजर रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए वे व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगे।

वे भिवंडी महानगरपालिका में भाजपा गटनेता संतोष शेट्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल, विधायक एडवोकेट माधवी नाईक, विधायक महेश चौघुले, महापौर नारायण चौधरी, भाजपा शहर अध्यक्ष रवि सावंत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गणेश नाईक ने कहा कि भले ही वे पालघर जिले के पालकमंत्री हैं, लेकिन ठाणे जिले के संपर्क मंत्री होने के नाते भिवंडी के विकास की जिम्मेदारी भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य और देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भिवंडी की स्कूलों में शिक्षकों की कमी, नागरिक सुविधाओं की समस्या और अन्य लंबित मुद्दों के समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर को आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा गटनेता का यह कार्यालय जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी केंद्र बनेगा।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल ने अपने संबोधन में कहा कि भिवंडी में कंक्रीट सड़कों का निर्माण, मेट्रो परियोजना और 200 बेड के अस्पताल जैसी बड़ी योजनाओं के लिए महायुति सरकार ने भारी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों का श्रेय सरकार की नीतियों को जाता है।
विधायक माधवी नाईक ने गटनेता संतोष शेट्टी को जनता से जुड़ा और भरोसेमंद जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके कार्यालय से नागरिकों को बेहतर मार्गदर्शन और सुविधा मिलेगी।
अपने स्वागत भाषण में गटनेता संतोष शेट्टी ने कहा कि वे पिछले 30 वर्षों से नगरसेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं, लेकिन भाजपा से जुड़ने के बाद जनहित के कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने गणेश नाईक से भिवंडी के विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने मनपा शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार बकाया भुगतान के लिए मंत्रालय स्तर पर बैठक कराने की मांग भी रखी।
महापौर नारायण चौधरी और विधायक महेश चौघुले ने भी शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए गणेश नाईक से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में प्रभाग समिति सभापति रजिता मोहन कोंडा, एडवोकेट वैभव भोईर, नगरसेवक प्रकाश टावरे, सुमित पाटिल, राजेश शेट्टी, परेश चौघुले, गीता विठोबा नाईक, रोमा निलेश आळशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

