भिवंडी पालिका के कचरा प्रबंधन ठेके में बड़ा भ्रष्टाचार!

ठाणे भिवंडी

पूर्व नगरसेवक ने आयुक्त कार्यालय में दर्ज कराई शिकायत

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई है। पूर्व सभागृह नेता व नगरसेवक खान मतलुब अफजल तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (भिवंडी शहर, अल्पसंख्यक विभाग) अध्यक्ष याकूब शेख ने मनपा प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कचरा प्रबंधन ठेके में भारी गड़बड़ी का मामला उठाया है।

शिकायत में कहा गया है कि सुप्रिमो गोल्ड इरीगेशन लिमिटेड को 18 माह में कुल 4.62 लाख मेट्रिक टन कचरा निपटान का ठेका दिया गया था। किंतु 14 महीने बीत जाने के बावजूद कंपनी ने महज़ 1.50 लाख मेट्रिक टन कचरा ही निपटाया है। आरोप है कि मशीनरी का उपयोग करने के बजाय कंपनी केवल जेसीबी से सतही सफाई कर खानापूर्ति कर रही है।

इस लापरवाही के चलते शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। दुर्गंध फैलने के साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। याकूब शेख ने यह भी आरोप लगाया कि अधूरा काम छोड़ने के बावजूद कंपनी ने करोड़ों रुपये के बिल उठाए हैं और राजनीतिक दबाव के जरिए भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व नगरसेवक खान मतलूब और याकूब शेख ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस मामले की लिखित शिकायत दी है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दोनों नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनी पर धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर उसका भुगतान रोका नहीं गया, तो वे न्याय के लिए उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाएंगे।

इस खुलासे के बाद भिवंडी में चर्चाओं का दौर तेज़ हो गया है और अब नागरिकों की निगाहें मनपा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *