नवी मुंबई एयरपोर्ट नामकरण पर गरजे सांसद सुरेश म्हात्रे (बाल्या मामा)6 अक्टूबर को विशाल आंदोलन की चेतावनी, उद्घाटन रोकने का ऐलान

ठाणे महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान,
ठाणे। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नामकरण को लेकर ठाणे के विश्राम गृह में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ़ बाल्या मामा ने तीखी आवाज़ उठाई। उन्होंने दो-टूक ऐलान किया कि एयरपोर्ट को लोकनेता, समाज सुधारक और भूमिपुत्रों के अग्रणी नेता स्व. दि.बा. पाटील का नाम दिए बिना हवाई अड्डे का उद्घाटन नहीं होने दिया जाएगा।

सांसद म्हात्रे ने कहा कि यह केवल नामकरण का प्रश्न नहीं, बल्कि आगरि-कोळी और भूमिपुत्र समाज के स्वाभिमान का सवाल है। उन्होंने चेतावनी दी—
“अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो लाखों की संख्या में आगरि-कोळी और भूमिपुत्र भाई सड़क पर उतरेंगे और इतना प्रचंड आंदोलन छेड़ा जाएगा कि केंद्र सरकार को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे।”

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आंदोलन अनिश्चितकालीन होगा और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।

सांसद ने घोषणा की कि आगामी 6 अक्टूबर को एक विराट आंदोलन किया जाएगा, जिसमें लाखों लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने केंद्र सरकार को आगाह किया कि अगर हालात बिगड़े, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र की होगी।

बाल्या मामा की हुंकार ने एयरपोर्ट उद्घाटन को लेकर सियासत और गरमा दी है। अब 6 अक्टूबर की तारीख इस मुद्दे पर निर्णायक साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *