भिवंडी में पत्रकारों ने दरगाह दीवान शाह बाबा पर चादर पेश कर अमन-भाईचारे की दुआ मांगी

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी की प्रसिद्ध दरगाह दीवान शाह बाबा का 362वां उर्स आरंभ हो चुका है। इस अवसर पर बुधवार को भिवंडी के पत्रकारों ने संयुक्त रूप से संदल निकालकर दीवान शाह बाबा की मजार-ए-मुबारक पर चादर पेश की और शहर में अमन, शांति एवं आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।

शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्रकार सब्बीर खान के नेतृत्व में खाक शाह बाबा दरगाह, भुसार मोहल्ला से संदल निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। सभी पत्रकार फूलों की थाल सिर पर लिए नात शरीफ की सदा के साथ पैदल दीवान शाह बाबा दरगाह की ओर रवाना हुए। करीब शाम सात बजे संदल दरगाह परिसर पहुंचा, जहां मजार-ए-मुबारक पर चादर पेश की गई और शहर में अमन-ओ-शांति तथा भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।

इस अवसर पर पत्रकार सब्बीर खान ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से यह संदल कार्यक्रम निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हिंदू-मुस्लिम सभी पत्रकार एकजुट होकर श्रद्धा के साथ बाबा की मजार पर चादर पेश करते हैं।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र पत्रकार संघ के अध्यक्ष अब्दुल गनी खान सहित आसिफ अंसारी, परवीन खान, वसीम खान, परसू रामपाल, इलियास शेख, शाबान शेख, अय्यूब सैयद, मुश्ताक हाशमी, रईस अंसारी, सैयद बाबा फरीद अशरफी, गुलाम मुझावर, इरशाद भाई सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि कुतुब-ए-कोकण, शहंशाह-ए-महाराष्ट्र हजरत मलिक हुसैन शाह कादरी उर्फ हजरत दीवान शाह बाबा की मजार भिवंडी की एक ऐतिहासिक और प्राचीन दरगाह है, जिसका निर्माण वर्ष 1711 में किया गया था। तभी से हर वर्ष बाबा का उर्स मनाया जाता है। इस वर्ष उर्स के 362 वर्ष पूरे हो चुके हैं।

दरगाह के मैनेजिंग ट्रस्टी खालिद सैयद ने बताया कि दो दशक पूर्व यहां विशाल मेले का आयोजन होता था, जिसमें देश के कोने-कोने से श्रद्धालु शामिल होते थे। हालांकि अब जगह की कमी के कारण मेला उतने बड़े स्तर पर नहीं लग पाता, लेकिन आज भी उर्स के अवसर पर दूर-दराज से अकीदतमंद बाबा की दरगाह पर हाजिरी देने पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *