अब्दुल गनी खान भिवंडी।
भिवंडी: शहर में सौंदर्य और वज़न प्रबंधन के नाम पर इलाज देने वाले क्लीनीकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जगह-जगह लगे आकर्षक बोर्ड लोगों को पिंपल, दाग-धब्बे, बालों की समस्या, लेज़र ट्रीटमेंट और वज़न घटाने-बढ़ाने जैसे इलाज का भरोसा दिला रहे हैं। ऐसे ही एक क्लीनीक के बोर्ड पर कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट से लेकर वेट मैनेजमेंट तक की लंबी सूची दर्ज है, जो आम नागरिकों का ध्यान खींच रही है।
इन बोर्डों पर पिंपल व स्कार ट्रीटमेंट, पिगमेंटेशन, स्किन ब्राइटनिंग, लेज़र से बाल हटाना, केमिकल पील, दुल्हन सौंदर्य, मेडि-फेशियल और झुर्रियां हटाने जैसे उपचारों का दावा किया जा रहा है। साथ ही पेट कम करने, वजन घटाने-बढ़ाने और बॉडी शेप देने जैसी सेवाओं का भी प्रचार खुलेआम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सौंदर्य और वज़न प्रबंधन से जुड़े कई उपचार मेडिकल प्रक्रियाओं के अंतर्गत आते हैं, जिनके लिए प्रशिक्षित डॉक्टर, मान्यता प्राप्त उपकरण और स्वास्थ्य विभाग की अनुमति अनिवार्य होती है। बिना सही जानकारी और परामर्श के कराए गए इलाज से त्वचा और स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्परिणाम हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आकर्षक विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों के कारण लोग आसानी से इन क्लीनीकों की ओर खिंचे चले जाते हैं, लेकिन बाद में नुकसान होने पर शिकायत करने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचता।
इस बीच, जानकारों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि ऐसे क्लीनीकों की नियमित जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इलाज केवल तय मानकों और नियमों के तहत ही किया जा रहा है। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी तरह का सौंदर्य या वज़न संबंधी उपचार कराने से पहले डॉक्टर की योग्यता, क्लीनीक की मान्यता और संभावित जोखिमों की पूरी जानकारी जरूर लें।

