अब्दुल गनी खान ( ठाणे)
ठाणे, 11 फरवरी: राज्य के उपमुख्यमंत्री, नगर विकास, आवास एवं सार्वजनिक निर्माण (सार्वजनिक उपक्रम) मंत्री तथा ठाणे जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने निर्देश दिए हैं कि जिला नियोजन समिति के तहत स्वीकृत निधि का 100 प्रतिशत व्यय 31 मार्च 2026 से पहले सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में पायाभूत सुविधाओं और सामाजिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

जिला नियोजन समिति की बैठक में उन्होंने 26 सितंबर 2025 को हुई पिछली बैठक के कार्यवृत्त को मंजूरी देते हुए अनुपालन रिपोर्ट को स्वीकृत किया। बैठक में वर्ष 2025-26 की जिला वार्षिक योजना (सामान्य), आदिवासी उपयोजना और अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत स्वीकृत बजट की समीक्षा की गई। शिंदे ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि समय सीमा से पहले पूरी तरह खर्च की जाए।
वर्ष 2026-27 के प्रारूप आराखड़े को भी मंजूरी देते हुए उन्होंने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में भी स्वीकृत निधि शेष नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरी समय पर प्राप्त करें और विकास कार्य गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने महानगरपालिकाओं को भटके हुए पशुओं के लिए शेल्टर बनाने के निर्देश दिए तथा कहा कि बारिश से पहले आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। किसानों को आर्थिक सहायता और जैविक खेती को प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया गया। यातायात नियोजन, स्वास्थ्य व्यवस्था को अलर्ट रखने और खतरनाक इमारतों में रहने वालों के लिए क्लस्टर विकास की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई।
रेलवे पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और बायपास सड़कों के निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी।
बैठक में विधायक किसन कथोरे, शांताराम मोरे, नरेंद्र मेहता, महेश चौगुले, रईस शेख, निरंजन डावखरे, सुलभा गायकवाड, प्रधान सचिव नवीन सोना, जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल, पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे सहित विभिन्न महानगरपालिकाओं के आयुक्त और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

