डायमंड गोविंदा पथक ने भिवंडी में रचा इतिहास, सात जगहों पर बनाई 8 थर की मानव मीनार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के चाविंद्रा इलाके की डायमंड मित्र मंडल के गोविंदा पथक ने इस वर्ष के दहीहांडी उत्सव में अपनी ताकत और जुझारूपन से इतिहास रच दिया। भारी बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद इस पथक ने शहर के सात अलग-अलग दहीहांडी स्थलों पर 8 थर की मानव मीनार खड़ी कर सभी को चौंका दिया। इनमें से तीन प्रतिष्ठित दहीहांडियों को पथक ने फोड़कर अपनी श्रेष्ठता का परिचय दिया।

1984 में “एक गांव, एक गोविंदा मंडल” की संकल्पना के साथ स्थापित इस मंडल ने गांव से लेकर शहर तक अपनी पहचान मजबूत की है। अध्यक्ष रोहिदास पाटिल, कोच प्रशांत पाटिल, पूर्व नगरसेवक राम पाटिल और ग्रामीण मंडल चाविंद्र के मार्गदर्शन में इस टीम के सैकड़ों युवा सुबह से ही दहीहांडी स्थलों पर सक्रिय रहे।

डायमंड गोविंदा पथक ने आगरी राजा प्रतिष्ठान (पोगांव), शंभुराजे प्रतिष्ठान की धर्मवीर दहीहांडी (स्व. धर्मवीर आनंद दिघे चौक), एमएनएस दहीहांडी (अंजुरफाटा), बालाजी दहीहांडी (सोनाले मैदान), मौली दहीहांडी (राजनोली नाका), हमारे विधायक दहीहांडी (भादवड) और कपिल पाटिल फाउंडेशन की दहीहांडी (छत्रपति शिवाजी महाराज चौक) में 8 थर की मानव मीनार खड़ी कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इनमें से एमएनएस, बालाजी और हमारे विधायक दहीहांडी को फोड़ने का गौरव भी इस पथक ने हासिल किया।

धर्मवीर दहीहांडी स्थल और कपिल पाटिल फाउंडेशन की दहीहांडी पर दर्शकों का सैलाब उमड़ पड़ा। मैदान और चौक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे जब डायमंड गोविंदा पथक ने 8 थर की मानव मीनार खड़ी की। बरसात के बीच भी लोगों का उत्साह देखने लायक था। पिछले दस वर्षों में आठ बार शहर का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार जीत चुकी इस टीम ने इस बार भी अपने कौशल का लोहा मनवाया। मंडल अध्यक्ष रोहिदास पाटिल ने कहा, यह सिर्फ गोविंदाओं की जीत नहीं, बल्कि ग्रामीणों और युवाओं की एकता की ताकत है। यही भिवंडी की पहचान है।भिवंडी के दहीहांडी उत्सव में इस बार डायमंड गोविंदा पथक का दबदबा साफ नज़र आया और टीम ने यह साबित कर दिया कि मुश्किल हालात भी उनकी हिम्मत को डिगा नहीं सकते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *