भिवंडी में पहला एक्यूपंक्चर चिकित्सा केंद्र शुरू।अब मिलेगा बिना दवा और बिना ऑपरेशन का इलाज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान भिवंडी
शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहल की गई है। स्वयं सिद्धि मित्र संघ कॉलेज ऑफ एक्यूपंक्चर थेरपी, भिवंडी की ओर से महाराष्ट्र आरोग्य शिक्षा मंत्रालय और महाराष्ट्र कौंसिल ऑफ एक्यूपंक्चर से मान्यता प्राप्त भिवंडी का पहला एक्यूपंक्चर चिकित्सा केंद्र सोमवार को शुरू किया गया।

उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ नगरसेवक बालाराम चौधरी प्रमुख अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन का कार्य पूर्व सभापति (शिक्षण विभाग) सुंदर नाईक ने किया, जबकि केंद्र के बोर्ड का शुभारंभ बालाराम चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे उपचार केंद्रों की और शाखाएं शहर में खोली जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। केंद्र का संचालन सीए सुरेश जैन के मार्गदर्शन में होगा। आयोजकों ने बताया कि भिवंडी में पहली बार आधुनिक तकनीक से बिना दवा और बिना ऑपरेशन का इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस केंद्र पर गर्दन दर्द, पीठ दर्द, घुटने का दर्द, जमे हुए कंधे, पैरालिसिस, स्पोंडिलोसिस, स्लिप डिस्क, एड़ी का दर्द, सायटिका, सुनपन, झनझनाहट, अर्थराइटिस, सिरदर्द और माइग्रेन जैसी बीमारियों का निशुल्क उपचार किया जाएगा। ओपीडी का समय दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक रखा गया है। यह सेवा हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध होगी।

इसका मुख्य केंद्र स्वयं सिद्धि शिक्षा संकुल, साई बाबा मंदिर के पास, कल्याण रोड, टेमघर में रखा गया है। उद्घाटन समारोह में सुंदर नाईक, युवा नेता रोहित चौधरी, संतोष पाटील, ट्रस्टी खांटेकर सर, ट्रस्टी सीए सुरेश जैन, सुरेश जाधव, डॉ. यासमीन अंसारी, डॉ. कल्पना, डॉ. मारिया जमीनदार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत कॉलेज के प्राध्यापकों ने शाल व पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. महेश सोनी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *