अनुकंपा नियुक्ति और महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग द्वारा चयनित530 लिपिक टंकलेखकों को मिला सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र।

ठाणे महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
ठाणे, 4 अक्टूबर अनुकंपा आधार पर तथा महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) के माध्यम से चयनित लिपिक टंकलेखक पद के 530 उम्मीदवारों को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिल्हाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाळ ने नव-नियुक्त कर्मियों से आवाहन किया कि वे ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ लोकाभिमुख कार्य कर “विकसित महाराष्ट्र 2047” के स्वप्न को साकार करने में योगदान दें।

ठाणे जिल्हा नियोजन समिती सभागृह में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में एक साथ अनुकंपा आधार पर तथा एमपीएससी के माध्यम से चयनित लिपिक टंकलेखकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी दौरान मुंबई के यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय “मुख्य राज्य रोजगार मेळावा” का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में विधायक संजय केळकर, विधायक सुलभा गायकवाड, जिल्हाधिकारी डॉ. पांचाळ, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहन घुगे, पोलीस अधीक्षक डॉ. डी. स्वामी, उपजिल्हाधिकारी डॉ. संदीप माने, जिल्हा नियोजन अधिकारी वैभव कुलकर्णी, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विभागप्रमुख, नियुक्त उम्मीदवार और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

डॉ. पांचाळ ने बताया कि अनुकंपा विषयक तब्बल 45 शासन निर्णयों पर विचार के बाद यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। “दस्तावेज़ों की जांच” जैसी जटिल प्रक्रिया को टीमवर्क से केवल ढाई महीनों में पूर्ण किया गया। उम्मीदवारों के लिए परामर्श एवं मार्गदर्शन शिविर भी आयोजित किए गए, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनी रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि — “मेहनत का कोई विकल्प नहीं, जिम्मेदारी से काम करें, देश के उज्जवल भविष्य की नींव आप जैसे युवाओं पर टिकी है।”

विधायक संजय केळकर ने कहा कि यह रोजगार का उत्सव है। शासन और प्रशासन मिलकर काम करे तो सुशासन साकार होता है। महिला कर्मचारियों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण से जनता का हित सुनिश्चित किया जा सकता है।

इस अवसर पर बताया गया कि राज्य सरकार के “महा रोजगार मेळावा” के तहत एक ही दिन में राज्यभर में 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए गए — जिसमें से 5 हजार अनुकंपा आधार पर और 5 हजार एमपीएससी चयनित उम्मीदवार हैं। यह राज्य के इतिहास का पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में एक साथ नियुक्तियाँ हुईं।

ठाणे जिले में अनुकंपा आधार पर 257 और एमपीएससी के माध्यम से 273 उम्मीदवारों को नियुक्त किया गया। जिल्हाधिकारी कार्यालय एवं आस्थापना शाखा के अधिकारियों-कर्मचारियों ने इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए दिन-रात परिश्रम किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध सूत्रधार मंगला खाडीलकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन तहसीलदार संदीप थोरात ने किया।

राज्य स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार उपस्थित रहे। पूरे राज्य में कुल 10,309 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए — जिसमें सबसे अधिक 3,078 उम्मीदवार कोकण विभाग से, 2,597 विदर्भ से, 1,674 पुणे से, 1,250 नाशिक से और 1,710 मराठवाड़ा क्षेत्र से हैं।
इस कार्यक्रम का सूत्रसंचालन सुप्रसिद्ध निवेदिका कल्पना साठे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *