आधारभूत ढांचे में बड़ा निवेश, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम
नवी मुंबई, 8 अक्टूबर(अब्दुल गनी खान)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन केवल परियोजनाओं के उद्घाटन का नहीं, बल्कि भारत के तेजी से हो रहे परिवर्तन और प्रगति के ठोस कदमों का प्रतीक है। मुंबई और नवी मुंबई में शुरू की गई विभिन्न परियोजनाएं देश की विकास गाथा को रेखांकित करती हैं। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना में बढ़ते निवेश, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से देश ‘विकसित भारत’ की दिशा में मजबूत कदम उठा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण (आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड) का लोकार्पण किया, ‘मुंबई वन’ देश के पहले एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप का शुभारंभ किया, और राज्यभर के 419 आईटीआई तथा 141 तकनीकी संस्थानों में 2,506 नई अल्पावधि रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की शुरुआत की।
इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, जापान के राजदूत ओनू केईची, तथा उद्योगपति गौतम अदानी समेत अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
“लोकनेता दि. बा. पाटिल का कार्य प्रेरणादायी” — प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने मराठी में संबोधन की शुरुआत करते हुए नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और लोकनेता दि. बा. पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज और किसानों के लिए जो सेवाभाव से कार्य किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है।
मुंबई मेट्रो: आधुनिक भारत की गतिशीलता का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई को आज ऐतिहासिक सौगात मिली है — पूरी तरह भूमिगत मेट्रो सेवा। इस परियोजना से लाखों यात्रियों का सफर अब अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित होगा। पहले जो यात्रा दो से ढाई घंटे में पूरी होती थी, वह अब केवल 30 से 40 मिनट में संभव होगी। प्रधानमंत्री ने कहा, “यह मेट्रो केवल मुंबई की प्रगति नहीं बल्कि आधुनिक भारत की गतिशीलता का प्रतीक है।”
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा — महाराष्ट्र और देश का गौरव
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह हवाई अड्डा महाराष्ट्र और देश दोनों के लिए गर्व की पहचान बनेगा। कमल के आकार में तैयार इसकी डिज़ाइन भारतीय संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक है। इस परियोजना से न केवल नवी मुंबई के विकास को नई दिशा मिलेगी, बल्कि राज्य के किसानों, लघु उद्योगों और निर्यातकों को यूरोप और मध्यपूर्व जैसी वैश्विक बाजारों से सीधा जुड़ाव मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 2014 में देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जो अब बढ़कर 160 से अधिक हो गए हैं। भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू हवाई परिवहन बाजार बन गया है। इससे पायलट, इंजीनियर, केबिन क्रू और रखरखाव (एमआरओ) क्षेत्र में हजारों रोजगार सृजित होंगे। साथ ही, 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे वधवण बंदरगाह से भी रोजगार और निवेश को बल मिलेगा।
युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के नए अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘पीएम सेतु’ योजना के तहत देशभर के आईटीआई संस्थानों को उद्योग जगत से जोड़ा जा रहा है। 7 हजार करोड़ रुपये की इस योजना में ड्रोन, रोबोटिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महाराष्ट्र में भी सैकड़ों तकनीकी संस्थानों में उन्नत प्रशिक्षण शुरू किया गया है, जिससे लाखों युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर बनेंगे।
‘मुंबई वन’ ऐप — एक राष्ट्र, एक मोबिलिटी की दिशा में कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि ‘मुंबई वन’ ऐप से यात्री अब एक ही टिकट से लोकल ट्रेन, मेट्रो और बस सेवा का उपयोग कर सकेंगे। इससे मुंबईकरों का समय और पैसा दोनों बचेगा। उन्होंने कहा, “देश अब ‘वन नेशन, वन मोबिलिटी’ की दिशा में बढ़ रहा है।”
स्वदेशी का आग्रह और आर्थिक आत्मनिर्भरता का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (GST) के बाद देश में उपभोग बढ़ा है — इस नवरात्रि में टीवी, बाइक और रेफ्रिजरेटर की रिकॉर्ड बिक्री हुई है। उन्होंने कहा, “देशवासियों को स्वदेशी अपनाना चाहिए, ताकि हमारे श्रमिकों, उद्योगों और युवाओं को सीधा लाभ मिले।”
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र हमेशा देश के विकास का नेतृत्व करता आया है। राज्य के हर गांव और शहर को अधिक सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है।
डिजिटल माध्यम से उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टचस्क्रीन द्वारा डिजिटल तोरण खींचकर नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने टर्मिनल भवन की सुविधाओं और त्रि-आयामी रचना का अवलोकन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू मौजूद रहे।

