भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेनों की लेटलतीफी बनी यात्रियों के लिए मुसीबत

भिवंडी

व्यापारियों को नुकसान, महिलाओं व बच्चों को सफर में हो रही परेशानी — विवेकानंद फाउंडेशन ने दी तालाबंदी की चेतावनी

विशेष संवाददाता
भिवंडी। भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली शटल ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी यात्रियों के लिए सिरदर्द बन गई है। प्रतिदिन देरी से चल रही इन ट्रेनों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास तौर पर व्यापारियों, छात्रों और महिलाओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

विवेकानंद फाउंडेशन के अध्यक्ष एड. विवेकानंद पांडे ने रेलवे प्रशासन से लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए एक सप्ताह के भीतर ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन द्वारा भिवंडी रेलवे स्टेशन पर तालाबंदी आंदोलन किया जाएगा।

एड. पांडे ने बताया कि दिवा-वसई और पनवेल-वसई के बीच भिवंडी रोड स्टेशन से होकर रोजाना सात अप और सात डाउन, इस प्रकार कुल 14 शटल ट्रेनें चलती थीं। इन ट्रेनों के माध्यम से सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे के करीब 15 हजार यात्री रोजाना भिवंडी आते-जाते थे, जिससे रेलवे को प्रतिदिन हजारों रुपये की आमदनी होती थी।

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में यह सभी ट्रेनें एक से तीन घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों का समय और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से पावरलूम उद्योग से जुड़े व्यापारी समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं, ट्रेनों में शौचालय बंद होने और पानी की कमी के कारण घंटों रुकी रहने वाली शटल ट्रेनों में यात्रा कर रही महिलाओं और बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ट्रेन देरी से चलने के कारण छात्र-छात्राएं समय पर स्कूल, कॉलेज और क्लासेस नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

इस संबंध में जब भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर एस. के. चौबे से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि इस रूट पर डबल लाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसके कारण सिग्नल और तकनीकी कारणों से ट्रेनों में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत को रेलवे मुख्यालय भेज दिया गया है और जल्द ही इस दिशा में सुधार के कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों ने भी रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों के संचालन में जल्द सुधार किया जाए, ताकि यात्रियों को रोजाना होने वाली इस असुविधा से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *