आदर्श विकास का मॉडल बनी भिवंडी ईस्ट विधानसभा : विधायक रईस शेख

भिवंडी

अब्दुल गनी खान


20.27 करोड़ की विकास निधि से कार्य प्रस्तावित, आचार संहिता के चलते उद्घाटन स्थगित

भिवंडी।
भिवंडी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में कराए गए व्यापक विकास कार्यों को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आचार संहिता लागू होने के कारण 20.27 करोड़ रुपये की विकास निधि से होने वाले कार्यों का उद्घाटन फिलहाल स्थगित किया गया है, लेकिन क्षेत्र में अब तक कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और अनेक परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

विधायक रईस शेख ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में भिवंडी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र को विकास के एक आदर्श मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। यहां हुए विकास कार्यों की चर्चा राज्य के वरिष्ठ नेताओं के बीच होती है। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां से निधि प्राप्त हुई, वहां बिना किसी भेदभाव के केवल जनहित के विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया। इस कार्य में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी अहम भूमिका रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में नागपुर में संपन्न हुए शीतकालीन अधिवेशन के दौरान सात दिनों में उन्होंने न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र, बल्कि भिवंडी शहर से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को मजबूती से राज्य सरकार और वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखा।

100 फुट रोड को लेकर फैली अफवाहों पर प्रतिक्रिया

100 फुट रोड को लेकर फैली अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक शेख ने स्पष्ट किया कि इस सड़क का निर्माण 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और किसी भी मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

ई-बस डिपो और श्मशान भूमि के विकास कार्य

विधायक ने जानकारी दी कि फातमा नगर में ई-बस डिपो का निर्माण किया जाएगा, जिससे भिवंडी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं चौहान कॉलोनी और किदवई नगर में श्मशान भूमि के मरम्मत व विकास कार्यों का उद्घाटन प्रस्तावित था, जिसे आचार संहिता के कारण टालना पड़ा।

गुटखा बंदी और यातायात व्यवस्था

गुटखा बंदी के मुद्दे पर विधायक शेख ने कहा कि उन्होंने यह विषय विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए पूरे राज्य में गुटखा बैन लागू किया। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य के हित में एक बड़ा और सराहनीय कदम बताया।

यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त से चर्चा के बाद 10 टायर वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है और जल्द ही 6 टायर वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

सड़क चौड़ीकरण और मुआवजा

सड़क चौड़ीकरण को लेकर विधायक ने कहा कि अंजूर फाटा से कल्याण नाका सहित अन्य क्षेत्रों में प्रभावित नागरिकों के लिए राज्य सरकार ने 600 करोड़ रुपये के मुआवजे का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय पर प्रस्ताव भेजे और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए।

शांतिनगर वन भूमि और राजनीतिक बयान

शांतिनगर क्षेत्र की वन भूमि को लेकर चल रहे सर्वे पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिली है। आगामी मनपा चुनाव को लेकर विधायक शेख ने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण का निर्णय पार्टी की समिति द्वारा किया जाएगा।

वहीं भिवंडी के सांसद सुरेश ‘बाल्या मामा’ म्हात्रे द्वारा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी पर की गई टिप्पणी की उन्होंने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सपा अपने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ किसी भी तरह की गलत बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगी।

विकास ही प्राथमिकता

पत्रकार परिषद के अंत में विधायक रईस शेख ने कहा कि भिवंडी का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए वे आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास कार्यों को जारी रखेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *