आचार संहिता हटते ही मंत्रालय पर होगा अगला आंदोलन – सांसद बाल्या मामा
अब्दुल गनी खान (भिवंडी)
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लोकनेते दि. बा. पाटील का नाम दिए जाने की मांग को लेकर भिवंडी के मानकोली नाका से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक 22 से 24 दिसंबर के दौरान आयोजित किए जाने वाला तीन दिवसीय पदयात्रा (दिंडी) आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मनपा चुनावों की आचार संहिता राज्यभर में लागू होने के कारण पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने से यह निर्णय लिया गया है।

यह जानकारी भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने शनिवार को आयोजित पत्रकार परिषद में दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता समाप्त होते ही आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा और अगला आंदोलन सीधे मंत्रालय पर किया जाएगा।
सांसद बाल्या मामा के नेतृत्व में इस आंदोलन का आयोजन किया गया था, जिसे ठाणे, रायगढ़, पालघर, मुंबई और मुंबई उपनगर—इन पांचों सागरी जिलों के स्थानीय भूमिपुत्रों और संघर्ष समिति का व्यापक समर्थन मिल रहा था। आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और लोगों की ओर से भारी प्रतिसाद मिलने की उम्मीद थी।
पत्रकार परिषद में निलेश पाटील, धीरज कालेकर, गिरीश सळगावकर सहित संघर्ष समिति के पांचों जिलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सांसद बाल्या मामा ने बताया कि 25 दिसंबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके विरोध स्वरूप, यदि मांग पर निर्णय नहीं लिया गया तो पांचों जिलों के प्रत्येक गांव में निषेध आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक नवी मुंबई एयरपोर्ट को लोकनेते दि. बा. पाटील का नाम नहीं दिया जाता।

