कल्याण रोड पर मनपा की मापजोख, व्यापारियों का विरोध तेज
अब्दुल गनी खान
भिवंडी–कल्याण नाका से कल्याण तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन के निर्माण को लेकर शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब भिवंडी मनपा का अतिक्रमण विभाग भारी पुलिस बल के साथ कल्याण रोड पर पहुँचा। मेट्रो प्रोजेक्ट से प्रभावित होने वाले मकानों और दुकानों की मार्किंग के लिए मापजोख शुरू की गई, जिसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों ने विरोध तेज कर दिया।

कल्याण रोड व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर घेराव आंदोलन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों व्यापारी और स्थानीय नागरिक एकत्र हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक नया डीपी (डेवलपमेंट प्लान) लागू नहीं होता, तब तक किसी भी तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की जा सकती। उन्होंने व्यापारियों के साथ खड़े रहने की बात कही। मनपा प्रशासन के अनुसार, मेट्रो परियोजना के तहत कल्याण रोड के दोनों ओर 18-18 मीटर, यानी कुल 36 मीटर लंबाई में अतिक्रमण हटाया जाना प्रस्तावित है। इसी को लेकर मार्किंग की जा रही थी। इससे पहले भी मार्किंग का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन विवाद के चलते उसे रोकना पड़ा था। मनपा सूत्रों का कहना है कि बड़ी संख्या में व्यापारी प्रशासन के साथ सहयोग करने को तैयार हैं, हालांकि कुछ व्यापारियों में अब भी असमंजस और नाराजगी बनी हुई है। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित दुकानों और मकानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है, जबकि मेट्रो परियोजना को लेकर कल्याण रोड क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

