अब्दुल गनी खान
मुंब्रा में AIMIM पार्टी से नव निर्वाचित नगरसेविका सहर शेख के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। बयान के विरोध में भाजपा नेता किरीट सोमय्या और विधायक निरंजन डावखरे ने शुक्रवार को मुंब्रा पुलिस थाने में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से मुलाकात की और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान किरीट सोमय्या ने पुलिस को सहर शेख के भाषण का वीडियो भी दिखाया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सहर शेख को दिया गया नोटिस संतोषजनक नहीं है। नोटिस में यह उल्लेख किया गया है कि सहर शेख के अनुसार भविष्य में पेड़ लगाकर पूरे मुंब्रा को हरा-भरा किया जाएगा, जबकि उनके भाषण में कहीं भी पेड़ लगाने की बात नहीं कही गई है।
सोमय्या का आरोप है कि सहर शेख ने अपने बयान में मुंब्रा के 20 प्रतिशत हिंदू नागरिकों को खत्म करने और उन्हें धमकाने जैसा गंभीर और भड़काऊ बयान दिया है, जो सीधे तौर पर नफरत फैलाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए केवल नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं है।
भाजपा नेता ने मांग की कि सहर शेख के खिलाफ कानून के तहत सख्त और उचित कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी होने की बात कही है।

