सामाजिक उपक्रमों के साथ 37 वां गणेशोत्सव में भक्ति और सेवा का संगम
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक माने जाने वाला धामणकर नाका मित्र मंडल एवं स्वाभिमान सेवा संस्था इस वर्ष अपना 37वां गणेशोत्सव भव्य रूप से मना रहा है। मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए उत्तरप्रदेश के मथुरा-वृंदावन स्थित वृंदावन चंद्रयोदय मंदिर (इस्कॉन) की 130 फुट ऊंची प्रतिकृति तैयार की गई है, जो लकड़ी, बांस और कपड़े से निर्मित है। यह भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। मंडल धार्मिक आयोजनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हर साल विविध सामाजिक उपक्रमों के जरिए सेवा का संदेश भी देता है।

इस वर्ष विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रक्तदाताओं को 10 लाख रुपये का अपघात विमा नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा खडवली स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। पिछले दस वर्षों में मंडल ने वृद्धाश्रम के लिए साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की दवाइयां, प्लास्टिक कुर्सियां, व्हीलचेयर आदि दान की हैं। गरीब और जरूरतमंदों के लिए नेत्र जांच, ऑपरेशन और चश्मों का वितरण भी नि:शुल्क किया जाएगा। सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहन देने हेतु स्वाभिमान श्री गणेश दर्शन स्पर्धा और घरगुती गणेश दर्शन स्पर्धा आयोजित की जाएगी। साथ ही सैनिक परिवारों द्वारा विशेष महाआरती, लाड़ली बहनों का सम्मान, पारंपरिक खेल, गोविंदा पथकों का गौरव, रील स्पर्धा, गरीब परिवार की महिलाओं को सिलाई मशीन वितरण और विभिन्न राज्यों की भजन मंडलियों का आयोजन किया जाएगा। गणेशोत्सव में प्रतिदिन 2500 से 3000 श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है। सुरक्षा के लिए पंडाल और आसपास 25 सीसीटीवी कैमरे, 50 सुरक्षा रक्षक और 400 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। मंडल अध्यक्ष संतोष एम. शेट्टी के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की सक्रियता से यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाजसेवा और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संदेश देने वाला पर्व बन गया है।