धामणकर नाका मित्र मंडल गणेशोत्सव का भव्य शुभारंभ में उमड़ा जनसैलाब।

भिवंडी




भिवंडी शहर का चर्चित और लोकप्रिय गणेशोत्सव, धामणकर नाका मित्र मंडल एवं स्वाभिमान सेवा संस्था का 37वां वर्ष गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य रूप से आरंभ हुआ। शहर के वरिष्ठ नेता आर.सी. पाटिल ने परंपरागत विधि-विधान से उत्सव का उद्घाटन कर बप्पा का प्रथम आरती कर आशीर्वाद लिया। इस वर्ष मंडल ने उत्तरप्रदेश के मथुरा-वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर (वृंदावन चंद्रयोदय मंदिर) की 130 फुट ऊँची भव्य प्रतिकृति तैयार की है, जो पूरी तरह लकड़ी, बांस और कपड़े से निर्मित है। श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी यह झांकी भक्तों को आध्यात्मिक वातावरण का अनूठा अनुभव कराएगी।

              धामणकर नाका मित्र मंडल धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक उपक्रमों के लिए भी जाना जाता है। इस वर्ष विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रक्तदाताओं को 10 लाख रुपये तक का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ आर.सी. पाटिल के हाथों हुआ, जबकि मंडल ने अपनी परंपरा निभाते हुए प्रथम दर्शन खडवली स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को कराया और उन्हें उपयोगी वस्तुएं भेंट कीं।

पिछले दस वर्षों प्रत्येक वर्ष मंडल द्वारा वृद्धाश्रम को साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की दवाइयां, व्हीलचेयर, प्लास्टिक कुर्सियां आदि भेंट की जा चुकी हैं।

इसके अलावा, मंडल हर साल जरूरतमंदों के लिए नेत्र जांच, ऑपरेशन और चश्मों का वितरण निःशुल्क करता है। उत्सव के दौरान स्वाभिमान श्री गणेश दर्शन स्पर्धा और घरगुती गणेश दर्शन स्पर्धा आयोजित की जाएगी। सैनिक परिवारों की विशेष महाआरती, लाड़ली बहनों का सम्मान, पारंपरिक खेल, गोविंदा पथक गौरव, रील प्रतियोगिता, महिलाओं को सिलाई मशीन वितरण तथा विभिन्न राज्यों की भजन मंडलियों का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पंडाल और आसपास 25 सीसीटीवी कैमरे, 50 सुरक्षा रक्षक और 400 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी मॉनिटरिंग का उद्घाटन भिवंडी पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराड़े ने किया। इस अवसर पर विधायक महेश चौघुले, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और नगर पालिका के सहायक आयुक्त सुरेन्द्र भोईर भी उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष संतोष एम. शेट्टी ने बताया कि इस बार गणपति बप्पा की 14 फुट की पर्यावरणपूरक प्रतिमा स्थापित की गई है। पूर्ना के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्यकला ने भी कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।आर.सी. पाटिल ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 36 वर्षों से जो स्नेह और मान हमें मिला है, वह बेमिसाल है। संतोष शेट्टी और उनकी टीम को बधाई, जिन्होंने इस मंडल को ठाणे जिले में प्रथम स्थान पर पहुंचाया। भिवंडी पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराड़े ने इसे धार्मिक आस्था, समाजसेवा और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *