2026 के अंत तक मेट्रो के सभी चरण यात्रियों के लिए खुले होंगे : मुख्यमंत्री फडणवीस

ठाणे महाराष्ट्र

ठाणे की यातायात समस्या सुलझाने में मेट्रो परियोजना निभाएगी अहम भूमिका : उपमुख्यमंत्री शिंदे

ठाणे, 22 सितम्बर(अब्दुल गनी खान) मेट्रो मार्ग 4 (वडाला–कासारवडवली) और 4ए  (कासारवडवली–गायमुख) का प्राथमिक चरण – गायमुख जंक्शन से विजय गार्डन स्टेशन तक – का तकनीकी निरीक्षण और ट्रायल रन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले वर्ष के अंत तक मेट्रो परियोजना के सभी चरण यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि घाटकोपर–मुलुंड–गायमुख मार्ग की कुल लंबाई 35 किमी है, जिसमें मेट्रो 4 की लंबाई 32 किमी और मेट्रो 4ए की 2.88 किमी होगी। इस मार्ग में कुल 32 स्टेशन प्रस्तावित हैं और परियोजना पर लगभग 16,000 करोड़ रुपये का व्यय अनुमानित है। मेट्रो 4, 4ए, 10 और 11 के लिए भोगरपाड़ा में 45 हेक्टेयर में डिपो विकसित किया जा रहा है।
फडणवीस ने बताया कि यह मेट्रो लाइन पूर्वी उपनगर, पश्चिमी उपनगर, मुंबई और ठाणे शहर को आपस में जोड़ेगी। आगे यह मार्ग वडाला से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक प्रस्तावित मेट्रो-11 से भी जुड़ जाएगा। इस प्रकार यह 58 किमी लंबाई की देश की सबसे बड़ी मेट्रो मार्गिका बनेगी। पूर्ण रूप से शुरू होने पर इसमें रोजाना 13 लाख से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे।

ठाणे की ट्रैफिक समस्या का समाधान उपमुख्यमंत्री एवं एमएमआरडीए अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में इस परियोजना को गति मिली और अब पूर्णता की ओर बढ़ते देखना गर्व की बात है।

यह 58 किमी लंबा एलिवेटेड मेट्रो प्रकल्प भारत में अपनी तरह का पहला है। ठाणे की बढ़ती यातायात समस्या को दूर करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। तकनीकी निरीक्षण व सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान मेट्रो रेल सेफ्टी आयुक्त (CMRS) की आवश्यकताओं के अनुसार सभी तकनीकी प्रणालियों की समीक्षा की गई। प्राथमिक ढांचा जैसे उड्डाणपुल (Viaduct), ट्रैक और ओवरहेड उपकरण (OHE) पूर्ण किए जा चुके हैं। परीक्षण रन के दौरान लोड कैलकुलेशन, सॉफ्टवेयर कॉन्फिगरेशन और सभी सुरक्षा प्रणालियों का मूल्यांकन किया गया।

               मेट्रो ट्रेन की विशेषताएं

बीईएमएल निर्मित 6 कोच वाली अत्याधुनिक ट्रेनें,
ट्रेन कंट्रोल एवं मैनेजमेंट सिस्टम,
यात्री आपातकालीन संपर्क प्रणाली,
स्वचालित अग्निशमन अलार्म,
अवरोध (Obstacle) पहचान प्रणाली,
आपातकालीन द्वार,
ऑन-बोर्ड सार्वजनिक उद्घोषणा व सूचना प्रणाली,
ऊर्जा बचाने वाली रीजनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली (लगभग 30% बचत)
एमएमआरडीए ने इस प्राथमिक खंड पर तकनीकी परीक्षण प्रारंभ कर ठाणे और मुंबईकरों के लिए मेट्रो मार्ग 4 व 4ए को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *