ठाणे जिला वार्षिक नियोजन समिति की बैठक संपन्न, पुनर्वसन, प्राकृतिक खेती और कौशल विकास योजनाओं पर हुआ मंथन

ठाणे महाराष्ट्र

ठाणे, 26 सितम्बर। अब्दुल गनी खान
ठाणे जिला वार्षिक नियोजन समिति की बैठक उपमुख्यमंत्री तथा ठाणे जिले के पालकमंत्री श्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ती जल समस्या पर विशेष चर्चा हुई।

उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष यह निर्णय लिया गया कि चिखली बांध की ऊँचाई बढ़ाने के साथ-साथ उल्हास नदी से उल्हासनगर के लिए यांत्रिक पद्धति से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए नगरोत्थान योजना से निधि उपलब्ध कराने का निर्णय भी हुआ। साथ ही, कालू डैम परियोजना और उससे संबंधित पुनर्वसन के लंबित प्रश्न को तुरंत मार्गी लगाने के लिए जिलाधिकारी को पहल करने के निर्देश दिए गए।

       अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों को मदद

बैठक में ठाणे जिले में हाल की अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कें, पुल, स्कूल, आंगनवाड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और घरों की मरम्मत के लिए जिला योजना निधि से मदद करने का आश्वासन दिया गया। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने स्पष्ट किया कि घरों की गिरावट और नागरिकों के सामान के नुकसान की भरपाई तत्काल की जाएगी।

        प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा

जिला योजना समिति के कुछ सदस्यों ने प्राकृतिक खेती के विस्तार का सुझाव रखा। शिंदे ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों को अधिक लाभकारी फसलें लेने का अवसर मिलेगा। पिछले वर्ष 7,000 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की गई थी, इस वर्ष इसे और अधिक बढ़ाने का संकल्प लिया गया। पारंपरिक खेती के साथ प्रगतिशील किसानों को आधुनिक तकनीक से मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

           नई योजनाओं पर फोकस

ठाणे जिले में कौशल विकास, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से संबंधित नई और नवोन्मेषी योजनाओं को लागू किया जाएगा। आदिवासी उपयोजनाओं और डोंगरी विकास निधि पर भी बैठक में विचार-विमर्श हुआ।

           बाढ़ग्रस्तों को हरसंभव मदद

महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान पर चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि “सरकार किसानों की पीड़ा को दूर करने के लिए किसी प्रकार की शर्तें आड़े नहीं आने देगी। यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। सरकार मदद करने में पीछे नहीं हटेगी।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से भी बाढ़ पीड़ितों के लिए सढळ हस्ते सहायता देने की अपील की।

      “सेवा संवाद” योजना का लोकार्पण

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाळ की संकल्पना से निर्मित “सेवा संवाद” नामक त्वरित अभिप्राय सेवा का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री तथा पालकमंत्री श्री शिंदे के हाथों संपन्न हुआ।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी एवं जिला योजना समिति के सदस्य सचिव डॉ. पांचाळ ने सभी मान्यवरों का स्वागत कर नियतव्यय की जानकारी प्रस्तुत की। अंत में जिला नियोजन अधिकारी वैभव कुलकर्णी ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *