भिवंडी से अब्दुल गनी खान
भिवंडी का जूना थाना रोड इन दिनों सड़क नहीं, बल्कि खुले गटर में तब्दील हो गया है! करोड़ों रुपये खर्च कर आर.सी.सी. रोड तो बना दी गई, लेकिन गटर न बनने से पूरी ड्रेनेज लाइन का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। नतीजा – सड़क पर चलते वक्त लोगों को नाक पर रूमाल रखना पड़ रहा है।

भारत मेडिकल के पास तो हाल और भी बुरा है। कीचड़, बदबू और मच्छरों का साम्राज्य! स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार, नेता और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह खुला भ्रष्टाचार किया गया है। गटर का काम गायब, और पैसा शायद हवा में उड़ गया!
सड़क किनारे पानी जमा रहने से वाहनचालक रोड पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। ऊपर से रात में स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं, तो अंधेरे में महिलाओं और बच्चों को खासी परेशानी उठानी पड़ती है।

इस हालात से नाराज़ समाजसेवक सहजाद शेख उर्फ़ शेरू ने प्रशासन को फटकार लगाते हुए तुरंत गटर निर्माण और स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो नागरिकों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
भिवंडी के लोग अब पूछ रहे हैं — “सड़क बनी या भ्रष्टाचार की नाली?”

