भिवंडी मनपा और एमसीईडी के बीच कौशल एवं उद्यमिता विकास हेतु अहम करार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका और महाराष्ट्र उद्योजकता विकास केंद्र (MCED) के बीच महिलाओं के कौशल विकास, उद्यमिता को बढ़ावा, डिजिटल सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण सामंजस्य करार (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह करार 3 दिसंबर 2025 को मनपा मुख्यालय में मनपा के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर तथा MCED के कार्यकारी संचालक विक्रांत बगाडे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मनपा की अतिरिक्त आयुक्त नयना ससाणे, समाज कल्याण उपायुक्त विक्रम दराडे, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख मिलिंद पळसुले एवं MCED के समन्वय प्रमुख प्रदीप इंगळे भी मौजूद रहे।

    500 महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, उद्यमिता की इच्छुक और प्रगतिशील महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत निम्न समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी—

वंचित एवं अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं

पुनर्वास की इच्छुक देह व्यापार से बाहर आने वाली महिलाएं

स्कूल/कॉलेज छोड़ चुकी युवतियां

हाल ही में शिक्षित हुई एवं 21 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं


कुल 500 महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

छह प्रमुख ट्रेड में दिया जाएगा प्रशिक्षण

साझेदारी के तहत इन प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण चलेगा—

फैशन एवं ज्वेलरी डिजाइन, बुटीक प्रबंधन

ब्यूटी एवं वेलनेस सेवाएं

फूड प्रोसेसिंग एवं पाक-कला आधारित उत्पाद

हस्तनिर्मित उत्पाद (साबुन, मोमबत्तियाँ, नैपकिन, बुके, अरोमा उत्पाद)

पावरलूम उद्योग आधारित कौशल

लॉजिस्टिक ऑपरेशन्स व डेटा एंट्री


मनपा मुख्यालय में बनेगा सहायता केंद्र

महिलाओं को जानकारी व मार्गदर्शन उपलब्ध कराने हेतु मनपा मुख्यालय के भूतल पर सहायता एवं सूचना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इच्छुक महिलाएं यहां आवेदन कर प्रशिक्षण के लिए नामांकन करा सकेंगी।

मनपा आयुक्त अनमोल सागर के अनुसार, यह योजना महिलाओं की आर्थिक प्रगति और भिवंडी में उद्यमिता का मजबूत वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *