तीन दिन में काम शुरू न किए जाने पर पूर्व नगरसेवक ने दी आंदोलन की चेतावनी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी मनपा के वार्ड क्रमांक 22 में पिछले कई महीनों से विकास कार्य ठप पड़े होने से नागरिकों में नाराज़गी बढ़ गई है। पूर्व नगरसेवक व भाजपा नेता श्याम अग्रवाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इंजीनियरों ने जानबूझकर सड़क और गटर मरम्मत कार्य रोक दिए हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। अग्रवाल ने मनपा आयुक्त और संबंधित विभाग को दिए ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र की कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।

गटर व नालों की सफाई और मरम्मत न होने से बरसात में पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर संकट मंडराता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिकायतें देने के बावजूद प्रशासनिक उदासीनता बरकरार है।पूर्व नगरसेवक का कहना है कि पिछले दो वर्षों में कई बार लिखित शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, वहीं जाम गटरों से उठती बदबू ने नागरिकों का जीना मुश्किल कर दिया है। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि शिकायतों को सुनियोजित तरीके से अनदेखा किया जा रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्रवासियों की लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क और गटर मरम्मत कार्य शुरू नहीं किए गए, तो वे नागरिकों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र की दयनीय होती हालत को देखते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और समस्या का समाधान हो सकें।इस संदर्भ में जानकारी लेने के लिए मनपा के इंजिनियर हरेश म्हात्रे को कॉल किया गया लेकिन उन्होंने कॉल उठाकर कोई जवाब देने की जहमत नहीं उठाया।

