कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी: संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण
भिवंडी | अब्दुल गनी खान
भिवंडी में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद ठाणे पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। घटना के बाद ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण ने भिवंडी का दौरा कर हालात का जायजा लिया और शांति समिति की विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले सामाजिक उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस बिना किसी दबाव के कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच के साथ-साथ स्थानीय पुलिस स्तर पर भी की जा रही है।
हिंसा के बाद शहर में संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विनायक देशमुख, अतिरिक्त आयुक्त पंजाबराव उगले, डीसीपी क्राइम ब्रांच अमरसिंह जाधव और विशेष शाखा की पुलिस उपायुक्त मीना मकवानी ने भी दौरा किया और शांति समिति के सदस्यों से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण ने कहा कि चुनाव में हार या जीत को लेकर हिंसा करना गलत है। जनप्रतिनिधियों को यह समझना चाहिए कि जनता ने उन्हें विकास के लिए चुना है, न कि अराजकता फैलाने के लिए। उन्होंने कहा कि गुस्से में आकर किसी को नुकसान पहुंचाना और जनजीवन बाधित करना कानूनन अपराध है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि हिंसा से जुड़े पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक करीब 150 लोगों को हिरासत में लिया गया है। शेष आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाना या फॉरवर्ड करना भी अपराध है।

डॉ. चव्हाण ने बताया कि पिछले एक वर्ष में ठाणे पुलिस आयुक्तालय ने आपराधिक प्रवृत्ति के 300 से अधिक लोगों को जिले से और भिवंडी क्षेत्र से करीब 70 अपराधियों को निर्वासित किया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में निवारक कार्रवाई और एमपीडीए के तहत अभियान चलाए गए हैं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शहर के विभिन्न वार्डों में रूट मार्च करने के निर्देश दिए, साथ ही देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। अंत में उन्होंने उपद्रवियों को दो टूक चेतावनी दी कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी।

