मांगा आम मनपा ने दे दिया इमली की जानकारी!
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: मानसून से पहले मनपा शहर को डूबने से बचाने के लिए हर वर्ष नाला सफाई में करोड़ों रुपये खर्च करती आ रही है। बावजूद मानसून के समय शहर में जलजमाव की समस्या बनी रहती है। जिसके कारण भिवंडी के समाजसेवक परसूराम पाल ने मनपा अधिकारी तथा ठेकेदारों की सांठगांठ होने तथा भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाते हुए पिछले तीन वर्षों से ठेकेदारों द्वारा गटर व नाला सफाई कार्य की जानकारी मनपा से पत्र के माध्यम से मांग कर रहे है। परंतु उन्हें मनपा से असंतुष्टजनक जानकारी प्राप्त हुई है। जिसे साझा करने हेतु आज उन्होंने वंजार पट्टी नाका स्थित वरिष्ट नेता तुफैल फारूकी के कार्यालय पर एक पत्रकार परिषद का आयोजन किया,

उन्होंने ने पत्रकारों को बताया कि नाला सफाई के संबंध में मैंने जानकारी मांगी थी लेकिन अधिकारियों ने जवाब दिया कि इस वर्ष शहर में पानी नहीं भरेगा,इस तरह उल्टा पुल्टा ज़वाब एक जवाबदार अधिकारी कैसे दे सकता है,ये मनपा अधिकारियों की भविष्यवाणी राम भरोसे है। श्री पाल ने पत्रकार परिषद के पहले पत्रकारों को बारिश से बचने हेतु रेनकोट वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। जिसके बाद उन्होंने बताया कि मनपा हर वर्ष करोड़ों रूपये खर्च कर शहर को डूबने से नहीं बचा पाती है।

पाल ने गटर व नाला सफाई कार्य में भारी भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाते हुए वर्ष 2023 से नाला सफाई की जानकारी मांगी थी। जिसके लिए उन्होंने धरनांदोलन भी किया। आरोप है कि मनपा के अधिकारियों ने बिना निरीक्षण किए उन्हें 91 प्रतिशत सफाई होने की जानकारी दे रहे है। जब इस वर्ष उन्होंने मनपा से जवाब मांगा कि यदि शहर में जलजमाव की समस्या हुई और नागरिकों का नुकसान होता है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा, इस पर मनपा ने हाथ ऊपर उठते हुए लिखित रूप से उत्तर दिया कि पानी भर सकता है। इस तरह का असंतुष्ट उत्तर मिलने से नाराज समाजसेवक परसूराम पाल ने अब हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।