भिवंडी में ‘एकात्मते के राजा’ चरणों में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने चढ़ाई पाँच किलो चाँदी की गदा

भिवंडी

महायुती सरकार के संकल्प की पूर्ति पर किया आभार व्यक्त

अब्दुल गनी खान, भिवंडी।
भिवंडी के धामणकर नाका मित्र मंडल द्वारा आयोजित ‘एकात्मते के राजा’ गणेशोत्सव में गुरुवार को भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष एवं मंत्री रवींद्र चव्हाण ने गणराय के चरणों में पाँच किलो वजनी चाँदी की गदा अर्पित की। इस अवसर पर विधायक महेश चौघुले, भाजपा शहराध्यक्ष रवी सावंत, आरपीआई अध्यक्ष महेंद्र गायकवाड, पूर्व अध्यक्ष एड. हर्षल पाटील सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि बीते वर्ष रवींद्र चव्हाण ने गणराय से प्रार्थना की थी कि महाराष्ट्र में महायुती सरकार सत्ता में आए। इस बार सरकार का गठन होने पर उन्होंने आभारस्वरूप यह गदा चढ़ाई और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जनता के हित के लिए योजनाएँ सफल हों, ऐसी कामना की।

मंडल अध्यक्ष संतोष शेट्टी ने मंच पर चव्हाण का भव्य स्वागत किया। इसी दौरान उनके हाथों से दो जरूरतमंद महिलाओं को स्वावलंबन हेतु सिलाई मशीनें भी भेंट की गईं।

मराठा और ओबीसी – दोनों को मिलेगा न्याय”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रवींद्र चव्हाण ने कहा कि महायुती सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि मराठा समाज और ओबीसी समाज दोनों को न्याय मिले। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 से 2019 के बीच फडणवीस सरकार ने मराठा समाज की आरक्षण की माँग पूरी की थी और साथ ही ओबीसी समाज के अधिकार भी सुरक्षित रखे थे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार विद्यार्थियों और उद्यमियों के लिए सारथी, महाज्योति और अण्णासाहेब आर्थिक विकास महामंडल जैसी योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है। इसके साथ ही, ओबीसी समाज के लिए भी उपसमिति गठित की गई है ताकि दोनों समाजों के बीच विवाद की स्थिति न बने।

श्री चव्हाण ने जनता से अपील की कि सरकार हर वर्ग को उसका अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *