डीपी प्लान पर सवाल पूछा तो भड़क उठे विधायक, माइक लेकर भागे

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी में सपा विधायक रईस शेख शनिवार को एक बार फिर विवादों में घिर गए। शहर की ट्रैफिक समस्या और सड़कों का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक का ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में विधायक को पत्रकारों से सवाल सुनते ही बौखलाते और उनका कॉलर माइक लेकर आगे बढ़ते देखा जा सकता है।
शनिवार को विधायक रईस शेख, भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर और मुंबई से आए इंजीनियरों के साथ बागे फिरदोश मस्जिद से वंजारपट्टी नाका तक के ट्रैफिक सर्वेक्षण पर निकले थे। इसके अलावा फातमा नगर, चाविंदा और शांतिनगर की 100 फुटी सड़क का भी निरीक्षण किया गया। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने कल्याण रोड के व्यापारियों की समस्या और पुराने डीपी प्लान में बदलाव कर नए डीपी प्लान से बिल्डरों को फायदा पहुँचाने का सवाल पूछा, विधायक असहज हो गए।जवाब देने की बजाय उन्होंने अचानक कालर में लगे माइक को लेकर चलते बने। इस दौरान मौजूद नागरिकों ने पूरा वाकया मोबाइल में कैद कर लिया और कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब भिवंडी की जनता विधायक से सवाल पूछ रही है कि जब सब कुछ पारदर्शी है तो जवाब देने से क्यों बचा गया। लोगों का कहना है कि यदि बिल्डरों को फायदा नहीं पहुँचाया गया, तो विधायक को सवाल का सीधा उत्तर देना चाहिए था। माइक लेकर भागना जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने जैसा है। भिवंडी की सियासत में इस घटना ने भूचाल ला दिया है। निरीक्षण के जरिए जनता को संदेश देने निकले विधायक का यह वीडियो उनकी पोल खोल रहा है। शहर में चर्चा तेज है कि आखिर कल्याण रोड और डीपी प्लान में ऐसा क्या राज़ है, जिससे विधायक सवाल से बचते दिखे। भिवंडी की जनता अब साफ कह रही है कि सवालों से भागकर सच्चाई दबाई नहीं जा सकती। माइक लेकर भागने से मुद्दे खत्म नहीं होते, बल्कि और गहराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *