भिवंडी :कल्याण रोड (राजीव गाँधी चौक से टेमघर मार्ग) पर स्थित धार्मिक स्थलों को भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगरपालिका के प्रारूप विकास आराखड़ा (डीपी) से बाहर रखकर संरक्षण देने की माँग अब तेज हो गई है।
इस संदर्भ में धार्मिक स्थल बचाव समन्वय समिति, भिवंडी द्वारा आयोजित पत्रकार परिषद में समिति ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और पहचान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। समिति ने नगर विकास विभाग और महानगरपालिका प्रशासन से माँग की कि इन स्थलों को आधिकारिक और लेखी स्वरूप में संरक्षण का आश्वासन दिया जाए।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थल सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं हैं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक हैं। इसलिए इन्हें विकास आराखड़े से बाहर रखकर भविष्य में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या विस्थापन से बचाया जाना आवश्यक है।
पत्रकार परिषद में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि नगर पालिका प्रशासन इस माँग पर दस दिनों के अंदर कोई ठोस और लिखित आश्वासन नहीं देता है तो नागरिक व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
धार्मिक स्थल बचाव समन्वय समिति ने भरोसा जताया है कि जनता की आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा।
उक्त पत्रकार परिषद कल्याण रोड श्री साईं बाबा मंदिर में आयोजित की गई थी जिसमें दो मस्जिद एक कब्रिस्तान,एक बाबा साहेब का स्मारक व पांच मंदिर तथा दो दरगाहों के ट्रस्टी मौजूद थे।

