अब्दुल गनी खान
भिवंडी। नवरात्रि की अष्टमी के शुभ अवसर पर टोरेंट पावर ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक विशेष कदम उठाते हुए अपने पटेल कस्टमर केयर सेंटर (अंजुरफाटा) को ऑल-विमेन कस्टमर केयर सेंटर में परिवर्तित कर दिया है। इस केंद्र का संचालन अब पूरी तरह से महिला स्टाफ द्वारा किया जाएगा, जिसमें फ्रंट-डेस्क से लेकर सहयोगी स्टाफ और सुरक्षा कर्मी तक सभी महिलाएँ शामिल हैं।

नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है, जहाँ मां दुर्गा की आराधना कर महिला शक्ति का सम्मान किया जाता है। इसी भावना को मूर्त रूप देते हुए टोरेंट पावर ने यह पहल की है, जो न केवल कार्यस्थलों को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है बल्कि महिला कर्मचारियों की भूमिका को और मजबूती से सामने लाता है।

कंपनी की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया, “महिलाएँ हमारे संगठन का अभिन्न हिस्सा हैं और विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। नवरात्रि अष्टमी, जो महिला शक्ति का प्रतीक है, के अवसर पर पटेल सेंटर को ऑल-विमेन कस्टमर केयर सेंटर में परिवर्तित करना हमारे महिला कर्मचारियों को समर्पित है और महिला सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

भिवंडी में टोरेंट पावर पहले से ही ग्राहक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। कंपनी शहर में पाँच कस्टमर केयर सेंटर, 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन, टोरेंट पावर मोबाइल ऐप, ई-मेल हेल्पलाइन और व्हाट्सऐप सेवा जैसी सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। ऐसे में ऑल-विमेन सेंटर की शुरुआत ग्राहकों को और अधिक सशक्त व संवेदनशील सेवा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
ग्राहकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए महिला कर्मचारियों के आत्मविश्वास और दक्षता की सराहना की है। टोरेंट पावर का यह कदम न केवल धार्मिक भावना से जुड़ा है, बल्कि कॉरपोरेट जगत में एक मिसाल भी पेश करता है कि उत्कृष्ट सेवाएँ और सामाजिक सशक्तिकरण साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।

