ठाणे में महार वतन व वर्ग-2 जमीनों के गैरव्यवहार पर रोक

ठाणे

जिलाधिकारी ने सह निबंधक कार्यालयों को दिए सख्त निर्देश


अब्दुल गनी खान | ठाणे
ठाणे जिले में महार वतन और वर्ग-2 जमीनों के लेन-देन में हो रही अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई की गई है। कांग्रेस नेता पंकज गायकवाड़ की शिकायत के बाद जिलाधिकारी श्रीकृष्णा पांचाल ने सभी सह जिला निबंधक कार्यालयों को ऐसे सभी संदिग्ध और गैरकानूनी व्यवहार तुरंत बंद करने के आदेश जारी किए हैं।

गायकवाड़ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि महार वतन और वर्ग-2 जमीनों के सौदों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है और महाराष्ट्र सरकार की ‘एक जिला–एक पंजीकरण’ (6 जून 2025) नीति की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

जांच में यह मामला सामने आया कि वर्ग-2 जमीनों का ‘साठे रजिस्टर’ करना पूर्णतः अवैध है और यह कृत्य दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा कि वर्ग-2 जमीनों का साठे रजिस्टर तैयार करना और कुलमुखत्यार पत्र जारी करने की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से रोकी जाए।

इस आदेश के बाद जिले के सह निबंधक कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है।

कांग्रेस नेता पंकज गायकवाड़ ने आगे आरोप लगाया कि महार वतन जमीनों पर जबरन कब्जे और अवैध लेन-देन में कुछ स्थानीय निबंधन अधिकारी और तहसीलदार की भूमिका भी संदिग्ध है। उन्होंने यह भी मांग की कि पिछले पाँच वर्षों में हुए सभी संदिग्ध दोहरे पंजीकरण रद्द किए जाएँ, ताकि गरीब और वंचित वर्ग को न्याय मिल सके।

जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिले में महार वतन और वर्ग-2 जमीनों से जुड़े सभी गैरव्यवहार रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *