भिवंडी में मासूम की मौत के विरोध में उबालभारी वाहनों की एंट्री पर रोक की मांग, वंजारपट्टी नाका पर घंटों जाम

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम फ्लाईओवर के पास सड़क हादसे में 6 वर्षीय छात्रा खतिजा उमर शेख की दर्दनाक मौत के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हादसे के दूसरे दिन बुधवार को बड़ी संख्या में नागरिक वंजारपट्टी नाका पर सड़कों पर उतर आए और भारी वाहनों की आवाजाही रोककर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस विरोध के चलते भिवंडी–वंजारपट्टी नाका मार्ग पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और भीषण जाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जानलेवा दुर्घटनाओं को जन्म दे रही है। उन्होंने मांग की कि बड़े वाहनों को सिर्फ रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही शहर में प्रवेश दिया जाए।

नागरिकों ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि फ्लाईओवर रिपेयरिंग के दौरान भारी वाहनों को नीचे की तंग सड़कों से डायवर्ट कर दिया गया है, जिससे खतरा कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे और आक्रोशित लोगों से कई दौर की बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम हटाकर यातायात सामान्य किया गया।

गौरतलब है कि मंगलवार को हुए हादसे में छोटी बच्ची की मौत हो गई थी और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *