भिवंडी पूर्व में उड़ रही आदर्श आचार संहिता की धज्जियां

भिवंडी

समाजवादी पार्टी विधायक रईस शेख के विकास कार्यों के बोर्ड लगे होने से उठा सवाल

अब्दुल गनी खान भिवंडी।
भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद उसके खुलेआम उल्लंघन के आरोप सामने आ रहे हैं। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख द्वारा कराए गए विकास कार्यों के नाम वाले बड़े-बड़े बोर्ड अब भी लगे हुए हैं, जिससे आचार संहिता की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी जनप्रतिनिधि के नाम, फोटो अथवा प्रचारात्मक सामग्री का सार्वजनिक प्रदर्शन नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद स्कूलों सड़कों, चौराहों शौचालों और सार्वजनिक स्थलों पर विकास कार्यों के बोर्ड दिखाई दे रहे हैं, जिन पर विधायक रईस शेख का नाम प्रमुखता से अंकित है।

चुनावी नियमों के जानकारों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है, ताकि किसी भी प्रत्याशी को अनुचित लाभ न मिले। ऐसे में इन बोर्डों का बने रहना अन्य राजनीतिक दलों के साथ-साथ मतदाताओं के बीच भी असंतोष का कारण बन रहा है।

इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित बोर्डों को तुरंत हटाया जाना चाहिए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, चुनाव विभाग की ओर से अब तक इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही संज्ञान लेकर आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *