विशेष संवाददाता
भिवंडी मनपा चुनाव को लेकर शहर का सियासी पारा लगातार चढ़ते जा रहा है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में चुनाव प्रचार के दौरान सपा विधायक का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालात यह हैं कि सपा व कांग्रेस का हर प्रत्याशी यहां तक कि निर्दलीय प्रत्याशी यह जताने में जुटे हैं कि “रईस शेख हमार बा”,जिसे लेकर कांग्रेस और सपा के बीच तनातनी बढ़ते जा रही है।
भिवंडी मनपा चुनाव में सपा के सभी उम्मीदवार विधायक रईस शेख के खुलकर चुनावी मैदान में उतरने का इंतजार कर रहे हैं, तो दूसरी ओर राकांपा (शरद पवार गुट) और कांग्रेस के उम्मीदवारों के प्रचार में खुद रईस शेख की मौजूदगी देखी जा रही है। इससे सपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों में असमंजस और बेचैनी का माहौल है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सपा उम्मीदवारों को उम्मीद है कि अंतिम चरण में विधायक शेख खुलकर उनके समर्थन में प्रचार करेंगे,लेकिन फिलहाल हालात कुछ और ही संकेत दे रहे हैं।शहर में जगह-जगह लगे चुनावी बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स पर विधायक रईस शेख की तस्वीर छाई हुई है। दिलचस्प बात यह है कि इन पोस्टरों में केवल समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि कांग्रेस, राकांपा और यहां तक कि अपक्ष उम्मीदवार भी रईस शेख के साथ अपनी नजदीकी दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मतदाताओं तक यह संदेश पहुंचाने की होड़ मची है कि हर उम्मीदवार को विधायक शेख का समर्थन हासिल है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भिवंडी के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रईस शेख की पकड़ मजबूत मानी जाती है। उनके समर्थन से कई वार्डों का चुनावी गणित बदल सकता है। यही वजह है कि लगभग हर राजनीतिक दल उन्हें अपने पाले में दिखाने की रणनीति अपना रहा है।हालांकि अभी तक विधायक रईस शेख की ओर से किसी एक पार्टी के पक्ष में खुला ऐलान नहीं किया गया है। उनकी यह चुप्पी चुनावी सस्पेंस को और गहरा कर रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अंतिम समय में लिया गया उनका फैसला कई सीटों का रुख तय कर सकता है।बता दे कि भिवंडी मनपा चुनाव अब केवल स्थानीय मुद्दों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह विधायक रईस शेख की राजनीतिक हैसियत व प्रभाव का भी इम्तिहान बन चुका है।
◼️जब सपाइयों के हुड़दंग को देख फरार हुए सपा विधायक

चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय याहिया कंपाउंड में अलग ही नजारा देखने को मिला।सूत्र बताते है कि मनपा प्रभाग दो में आने वाले उक्त कंपाउंड सपा विधायक रईस शेख राकांपा (शरद) के उम्मीदवार का प्रचार करने गए थे जिसकी जानकारी मिलते ही सपा उमीदवार हमीद शेख के समर्थक व सपाई बड़े तादात में वहां सपा झंडे के साथ पहुंच गए और समाजवादी पार्टी के साथ विधायक के पक्ष में नारेबाजी करने लगे।जिसके बाद राकांपा(शरद) व सपा कार्यकर्ता आमने सामने आ गए।माहौल को बिगड़ता देख प्रचार से पल्ला झाड़ते हुए सपा विधायक रईस शेख घटनास्थल से रफूचक्कर हो गए।जिसके बाद खराब होता चुनावी माहौल तो ठीक हो गया,लेकिन घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।लोगो का कहना है कि सपा विधायक की दोहरी नीति के कारण आने वाले समय में चुनाव में माहौल भयानक हो सकता है।

