भाजपा की विजय संकल्प सभा में सीएम का दावा, लॉजिस्टिक हब बनाने दिया भरोसा
विशेष संवाददाता
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वर्षों तक सत्ता का उपभोग करने वालों ने शहर को ‘बदहाल’ बना दिया है। जिसके चेहरे को बदलने के लिए भाजपा और महायुति के अलावा कोई विकल्प नहीं है।उक्त बाते उन्होंने भिवंडी के छत्रपती शिवाजी महाराज चौक पर आयोजित ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए कहीं।

सीएम फडणवीस ने कहा कि भिवंडी की जनता ने पहले ही भाजपा के 6 सदस्यों को निर्विरोध चुनकर अपना इरादा साफ कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महायुति का महापौर बनते ही विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सत्ताधारियों ने मनपा को केवल एक ‘एटीएम’ की तरह इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि जिस शहर में कभी 11 झीलें थीं, वहां आज केवल 5 बची हैं, जो प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।सीएम ने घोषणा की कि ठाणे-भिवंडी मेट्रो (टप्पा-1) का संचालन 2027 तक शुरू हो जाएगा, जबकि भिवंडी-कल्याण का दूसरा चरण उसके अगले दो वर्षों में पूरा होगा। साथ ही शहर की ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण, फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने का वादा किया। उन्होंने भिवंडी को एक बड़े लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भिवंडी को जितने पानी की जरूरत होगी, उतनी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार अभी से प्रयास कर रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भिवंडी में 15 हजार घरों को मंजूरी दी गई है। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी और उनके लिए आवश्यक चार्जिंग सेंटर स्थापित करने की अनुमति भी दी जा चुकी है।साथ ही उन्होंने भिवंडी को एक बड़े लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ‘देवभाऊ’ मुख्यमंत्री हैं, तब तक ‘लाड़ली बहन योजना’ बंद नहीं होगी। अब सरकार बहनों को केवल लाड़ली ही नहीं, बल्कि ‘लखपती दीदी’ बनाने की दिशा में काम कर रही है।इससे पहले एडवोकेट माधवी नाईक और विधायक ज्ञानेश्वर म्हात्रे के हाथों महायुति के ‘वचननामे’ (घोषणापत्र) का विमोचन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटील, विधायक महेश चौघुले और अन्य वरिष्ठ नेताओ सहित भारी संख्या में नागरिक और महायुति के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में दिखी महायुति में तल्खी
भिवंडी मनपा चुनाव के मद्देनजर सीएम के कार्यक्रम में महायुति के दोनों दल भाजपा व शिवसेना ( शिंदे) के बीच बड़ी तल्खी भी साफ देखने को मिला।क्योंकि इस सभा में लगे बैनर में न तो शिवसेना(शिंदे) के प्रत्याशियों का फोटो लगाया गया था और न ही uke कोई नेता ही मंच पर दिखाई दिया।शिवसेना (शिंदे) के जिला प्रमुख सुभाष माने ने कहा कि सीएम के कार्यक्रम की कोई भी जानकारी न तो उनके पार्टी को दी गई थी और न ही बुलाया गया था।इस कारण उनके लोग कार्यक्रम से दूर रहे।जिसके बाद दोनों दलों के बीच चल रहा मनमुटाव साफ दिखाई दिया।गौरतलब है कि मनपा चुनाव के दौरान कई प्रभागों में भाजपा व शिवसेना (शिंदे) के उम्मीदवारों के रिश्तेदार एक दूसरे के सामने खड़ा कर खुद एक दूसरे का विरोध कर रहे है।जिसे इस कार्यक्रम के बाद और हवा मिल गया है।

