विशेष संवाददाता
भिवंडी के अंजुरफाटा इलाके में आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। नारपोली पुलिस स्टेशन की सीमा में दो गुटों के बीच हुई भीषण मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से मिली शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 जनवरी की रात करीब 12.30 बजे अंजुरफाटा स्थित महावीर चौक के पास हरिओम बिल्डिंग के सामने हुई। इस मामले में पहली शिकायत केतन अशोक पाटील (41) ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निलेश चौधरी, दिलीप, योगेश, मोनिष शरद म्हात्रे, देवानंद मणीलाल म्हात्रे और उमेश ने उनके चचेरे भाई गजानन पाटील के बंद पड़े स्कूटर को लेकर विवाद के दौरान पहले गाली-गलौज की और बाद में लाठी-डंडों व हाथों से हमला कर दिया। इस हमले में केतन पाटील, गजानन पाटील, प्रशांत पाटील और परेश म्हात्रे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से योगेश हरिशचंद्र चौधरी ने भी नारपोली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। योगेश का आरोप है कि केतन पाटील, गजानन पाटील, प्रशांत पाटील, परेश म्हात्रे और उनके साथियों ने उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला किया, जान से मारने की धमकी दी और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। नारपोली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर रहे सहायक पुलिस निरीक्षक महेंद्र पाटील का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

