35 नामजद, 200 अज्ञात पर केस; पुलिस ने बढ़ाया बंदोबस्त
अब्दुल गनी खान
भिवंडी : मनपा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। भिवंडी शहर पुलिस ने चार अलग-अलग शिकायतों के आधार पर कई नगरसेवकों सहित 35 नामजद और करीब 200 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, नवीबस्ती निवासी ताहा आसमोहम्मद खान (25) ने शिकायत दर्ज कराई कि 16 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे लकड़ा मार्केट, कल्याण रोड स्थित एस.एस.के. फैब्रिकेशन दुकान के पास कुछ लोग इकट्ठा हुए और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला किया। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान पर पथराव कर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में कई लोग घायल हुए। पुलिस ने निहाल खान, इमरान खान, एहसान खान, गुलाम गौस खान, इसरार खान समेत 16 आरोपियों को नामजद किया है।

दूसरी घटना में इमरान अब्दुल रहमान खान (40) ने आरोप लगाया कि 16 जनवरी को दोपहर 4 से 4:30 बजे के बीच लकड़ा मार्केट क्षेत्र में चुनावी चर्चा के दौरान विवाद बढ़ गया और हिंसा में बदल गया। मोटरसाइकिलों पर पहुंचे आरोपियों ने गाली-गलौज और पथराव किया, कार्यालय में घुसकर कुर्सियों व अन्य सामान की तोड़फोड़ की। इस हमले में कई कार्यकर्ता घायल हुए। इस मामले में दिन मोहम्मद साम मोहम्मद खान, ताहा आसमोहम्मद खान सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में एक-दूसरे पर क्रॉस शिकायतें दर्ज की गई हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसी तरह न्यू कनेरी के मार्कण्डेय नगर निवासी श्रीनिवास नरसैया वैगंल (37) ने शिकायत में बताया कि 15 जनवरी 2026 को शाम करीब 7:20 बजे प्रभाग क्रमांक-3 के गेट के सामने मतदान समाप्त होने के बाद उनकी पत्नी द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) से चुनाव लड़ने को लेकर कुछ लोगों ने गाली-गलौज की। आरोप है कि दो लोगों ने उनकी पत्नी का हाथ मरोड़ा और मारपीट की, जबकि मनोज ठाकूर और रतन सिंह ने जान से मारने की धमकी दी।
एक अन्य शिकायत में श्रीरंग नगर निवासी राजेश राजीली चेरीयाल ने बताया कि उसी दिन और उसी स्थान पर चुनावी समर्थन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ों और लात-घूंसों से मारपीट की। इस मामले में मनोज ठाकूर, श्रीकांत दासी, राजेश शेट्टी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।

