भिवंडी में सेक्युलर महापौर की तैयारी, समाजवादी पार्टी ने रईस शेख को दी खुली छूट

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। समाजवादी पार्टी ने नगर निगम में सेक्युलर गठबंधन के जरिए मेयर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र ने भिवंडी से विधायक रईस शेख पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस संबंध में बातचीत और रणनीति तय करने की अधिकृत अनुमति दी है। खुद रईस शेख ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

रईस शेख ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र ने उन पर जो भरोसा दिखाया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उनका लक्ष्य स्पष्ट है—भिवंडी में एक धर्मनिरपेक्ष (सेक्युलर) मेयर का चुनाव सुनिश्चित करना और पार्टी के बढ़ते जनाधार को और मजबूत करना। उन्होंने कहा कि वह धर्मनिरपेक्षता और विकास के विजन को सभी वर्गों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अबू आसिम आज़मी का आधिकारिक पत्र

इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आज़मी द्वारा रईस शेख को भेजा गया पत्र भी सामने आया है। पत्र में अबू आसिम आज़मी ने साफ कहा है कि समाजवादी पार्टी एक सेक्युलर पार्टी है और देश में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने रईस शेख की राय की सराहना करते हुए उन्हें भिवंडी में सेक्युलर गठबंधन की ओर से मेयर और अन्य वैधानिक पदों के लिए बातचीत आगे बढ़ाने का अधिकार दिया है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि रईस शेख पार्टी के अन्य पदाधिकारियों को विश्वास में लेकर पार्टी की विचारधारा के अनुरूप आगे की प्रक्रिया पूरी करें।

    नगर निगम राजनीति में बढ़ी हलचल

समाजवादी पार्टी के इस फैसले के बाद भिवंडी महानगरपालिका की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सेक्युलर गठबंधन के जरिए मेयर बनाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
फिलहाल सभी की नजरें आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों और गठबंधन के अंतिम स्वरूप पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *